“मौसम विभाग ने मंगलवार को पंजाब में बारिश का रेड और बुधवार को यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। पहाड़ों पर भी यदि बारिश के हालात न थमे तो हालात और बिगड़ सकते हैं। हालांकि 7 सितंबर तक बूंदाबांदी के आसार भी बताए जा रहे हैं”
चंडीगढ़ 01 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पंजाब में बाढ़ की वजह अब तक 29 लोग जान गंवा चुके हैं जबकि तीन लोग लापता है। 12 जिलों के 2 लाख 56 हजार लोग प्रभावित हैं। किसानों पर भी बाढ़ की बड़ी मार पड़ी है। सूबे में 94061 हेक्टेयर फसल बाढ़ की चपेट में हैं। सबसे ज्यादा मानसा जिले में किसानों की फसल बर्बाद हुई है।
रेड अलर्ट जारी
मैदानों के साथ-साथ पहाड़ों पर हुई अत्यधिक बारिश ने पंजाब में बाढ़ के हालात पैदा कर काफी तबाही मचाई है। लोगों को बाढ़ से बचाने के लिए एनडीआरएफ समेत आर्मी व एयरफोर्स की टीमें तैनात हैं।
पंजाब सरकार के मंत्री व विधायक फील्ड में पूरी सक्रिय हैं और लोगों को हरसंभव मदद मुहैय्या करवा रहे हैं जबकि भाजपा, कांग्रेस व शिअद के कार्यकर्ता व नेता भी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं।
12 जिले बाढ़ की चपेट में
पंजाब सरकार के अनुसार सूबे के 12 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जिनमें गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, मोगा, तरनतारन, मानसा, फाजिल्का, जालंधर, मोहाली व बरनाला शामिल हैं। इन जिलों के 1044 गांव प्रभावित हैं। अभी तक 15688 लोगों को बचाया जा चुका है।
सरकार ने इन जिलों में 129 राहत कैंप लगाए हैं, जिनमें 7144 लोगों को आश्रय दिया गया है। एनडीआरएफ की 20 टीमें व एयरफोर्स-आर्मी की 12 कॉलम व 30 से 35 हेलिकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हुए हैं। बीएसएफ के जवान भी लोगों को बचाने में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री का हेलिकॉप्टर और 114 नाव भी बचाव कार्य में लगे हैं।
बाढ़ की वजह से ज्यादा ज्यादा फसल अमृतसर में 23 हजार हेक्टेयर बर्बाद हुई है। इसके अलावा मानसा में 172205 हेक्टेयर, फिरोजपुर में 11232, कपूरथला में 14934, तरनतारन में 11,883, जालंधर में 2800, मोहाली में 2 हजार, पटियाला में 1450, होशियारपुर में 5971, पठानकोट में 2442, श्री मुक्तसर साहिब में 84, मोगा में 949, लुधियाना में 108, गुरदसपुर में 24, एसबीएस नगर में 7, मलेरकोटला में 5, बरनाला में 2, संगरूर में 3, फतेहगढ़ साहिब में 1 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है। वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा के अनुसार पंजाब सरकार हरसंभव लोगों तक पहुंचा रही है, अब केवल केंद्र सरकार के विशेष राहत पैकेज का इंतजार है।
