“नेपाल के युवाओं के आक्रोश ने देश में राजनीतिक-सामाजिक उथल-पुथल पैदा कर दी है। आक्रोशित जेन-जी (युवाओं) की भीड़ ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और मंत्रियों के घरों को आग लगा दी”
काठमांडू 10 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
इसके अलावा देश की संसद, सुप्रीम कोर्ट और कई सरकारी इमारतों में भी आगजनी की गई। भारत ने बिगड़ते हालात पर चिंता जाहिर की है। एतहतियात के तौर पर एअर इंडिया, इंडिगो और नेपाल एयरलाइंस ने दिल्ली से काठमांडो जाने वाली उड़ानों को रद्द कर दिया है।
नेपाली सेना ने बुधवार को एक बयान जारी कर एलान किया कि बुधवार शाम से देशभर में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। फिलहाल गुरुवार सुबह तक यह कर्फ्यू लागू किया गया है।
सार्वजनिक सुरक्षा के लिए नेपाली सेना ने कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। सेना ने कहा है कि कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन के नाम पर निजी और सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं और शारीरिक उत्पीड़न की भी शिकायतें मिली हैं। सेना ने कहा है कि कर्फ्यू को आगे बढ़ाने का फैसला हालात की समीक्षा के बाद लिया जाएगा।
नेपाल के पूर्व पीएम झलनाथ खनल के घर को भी प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को आग लगा दी थी। इस आगजनी में पूर्व पीएम की पत्नी राज्यलक्ष्मी चित्रकार की जलकर मौत हो गई थी
नेपाल की राजधानी काठमांडू में नेपाली सेना गश्त कर रही है, जहां पिछले दो दिनों से हिंसा जारी है और विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था। कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच नेपाली प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने कल इस्तीफा दे दिया। भैरवा में अगले आदेश तक कर्फ्यू लागू कर दिया गया है।
इंडिगो ने काठमांडू के लिए उड़ान सेवाएं रद्द की
नेपाल में हालात को देखते हुए इंडिगो एयरलाइंस ने काठमांडू जाने वाली उड़ानें अगले आदेश तक रद्द कर दी हैं। इंडिगो ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि काठमांडू से आने और जाने वाली सभी उड़ानें 10 सितंबर को दोपहर 12 बजे तक रद्द रहेंगी। एयरलाइंस ने काठमांडू एयरपोर्ट के बंद होने को इसकी वजह बताया है।
