बलिया : मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने प्रधानाध्यापक को मारी गोली

अपराध
Spread the love

“बलिया जिले में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने सरकारी विद्यालय से अपने घर लौट रहे प्रधानाध्यापक को कथित तौर पर गोली मार दी जिससे उनकी मौत हो गई। घटना में एक सहायक शिक्षिका भी घायल हो गई पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी”

बलिया 17 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पुलिस के अनुसार जिले के उभांव थाना क्षेत्र के बिल्थरारोड कस्बे के यादव नगर निवासी देवेंद्र यादव (57) मंगलवार को देवरिया जिले के सरकारी कंपोजिट विद्यालय में आयोजित एक संकुल बैठक में शामिल होने के बाद उसी स्कूल की सहायक अध्यापिका कंचन सिंह के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। तभी साहुनपुर गांव के समीप मोटरसाइकिल सवार तीन अपराधियों ने उनकी सोने की चेन छीन ली। 

पुलिस ने बताया कि विरोध करने पर अपराधियों ने देवेंद्र यादव को गोली मार दी। उसने बताया कि इस घटना में देवेंद्र यादव और बिल्थरारोड के बीबीपुर मोहल्ले की निवासी कंचन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

जहां चिकित्सकों ने देवेंद्र यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बलिया रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि बलिया से यादव को मऊ और फिर वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया।

वाराणसी ले जाते समय मंगलवार देर शाम देवेंद्र यादव की मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच के लिए पुलिस की चार टीम गठित की गई हैं।