“मध्य प्रदेश के भोपाल में गैर हिंदुओं को गरबा पंडालों में एंट्री करने से रोकने के लिए होर्डिंग लगने शुरू हो गए हैं। होर्डिंग पर लिखा है कि पंडाल में जिहादियों का आना सख्त मना है, पकड़े गए तो घर वापसी कराई जाएगी”
भोपाल 22 / 09 / 2025 द पॉलिटिक्स अगेन डेस्क
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं की एंट्री को लेकर विवाद जारी है। हिंदू संगठन नवरात्रि के दौरान गरबा उत्सव कार्यक्रमों में गैर हिंदुओं के प्रवेश को बैन करने की तैयारी कर रहे हैं। भोपाल में गरबा पंडालों में होर्डिंग लगने भी शुरू हो गए हैं। गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं की एंट्री रोकने को लेकर गाइडलाइन भी बनाई गई है।
होर्डिंग पर क्या लिखा गया?
भोपाल में गरबा पंडालों में होर्डिंग लगने शुरू हो गए हैं। होर्डिंग पर लिखा है- “गरबे के पंडाल में जिहादियों का आना सख्त मना है। पकड़े जाने पर घर वापसी कराई जाएगी या उचित व्यवस्था की जाएगी।”
जानकारी के मुताबिक, ये होर्डिंग अवधपुरी श्री कृष्ण सेवा समिति गरबा पंडाल की टीम की ओर से लगाया गया है। होर्डिंग पर लट्ठ और जूते-चप्पल की तस्वीर भी लगी है।
एंट्री के लिए बने 5 नियम
भोपाल में गरबा जिहाद से बचने और गरबा पंडालों में गैर हिंदुओं की एंट्री रोकने के लिए गाइडलाइन भी बनाई गई है। हिंदू संगठनों की ओर से गरबा पंडालों में प्रवेश के लिए ये पांच नियम तय किए गए हैं-:
- माथे पर तिलक
- हाथों में कलावा
- आधार कार्ड
- गंगाजल गोमूत्र का आचमन,
- वराह देवता-मां दुर्गा की तस्वीर का नमन
भाजपा नेता और सरकार के मंत्री क्या बोले?
गरबा पंडालों में दूसरे धर्मों के लोगों की एंट्री पर हो रहे विवाद पर भाजपा सांसद आलोक शर्मा ने कहा- “जो योजना से नवरात्रि में टीका लगाकर, तिलक लगाकर, कलावा बांधकर, केसरिया गमछा पहनकर आते हैं उनको अब नहीं छोड़ा जाएगा। आप अपना त्योहार मनाएं हिन्दू अपना त्योहार मनाएं, कोई लव जिहाद की गलती करेगा, उसके मकान भी टूट रहे है, जेल में सड़ भी रहे हैं।”
भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि “गरबे में गैर हिंदुओं का प्रवेश नहीं होना चाहिए। अगर आना है तो अपनी मां को, अपनी मामी, मौसी, पिता और चाचा को लेकर आओ, देवी का प्रसाद खाओ, आशीर्वाद दो और हिंदू धर्म स्वीकार करो।”
सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा- “गैर हिंदुओं को गरबे में आने की अनुमति नहीं मिलेगी। गरबा हमारी सनातन परंपरा का वो पावन पर्व है जिसमें मां दुर्गा की स्तुति की जाती है।
गरबे में जगत जननी मां दुर्गा की फोटो सामने रख कर उनकी स्तुति की जाती है। जो सनातनी है, जो हिंदू धर्म का पालन करता है उसे गरबे में आने की अनुमति है।”
