“शाहगंज कस्बे में बुधवार सुबह एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा बैंक ऑफ महाराष्ट्र के सामने ट्रांसफार्मर के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से हुआ। मजदूर होर्डिंग लगाने का काम कर रहा था”
शाहगंज 02 / 10 / 2025 द पॉलिटिक्स अगेन डिजिटल डेस्क
मृतक की पहचान मियापुर बकुची गांव निवासी 28 वर्षीय राजकुमार पुत्र रमेश चंद्र गौतम के रूप में हुई है। राजकुमार मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि की है, जब वह दशहरा से पहले विज्ञापन संबंधी होर्डिंग लगा रहा था।
जानकारी के अनुसार, होर्डिंग को सहारा देने के लिए लकड़ी बांधनी थी। राजकुमार ने ठेकेदार विक्की गुप्ता को संभावित करंट के बारे में चेतावनी दी थी और काम करने से मना किया था।
परिजनों का आरोप है कि विक्की गुप्ता ने राजकुमार को जबरन काम करने के लिए मजबूर किया। जैसे ही राजकुमार लकड़ी लेकर खंभे के पास पहुंचा, वह करंट की चपेट में आ गया।
सहकर्मियों ने तुरंत राजकुमार को एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजकुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया।
आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए न्याय का आश्वासन दिया।
परिजनों ने ठेकेदार और बिजली विभाग की लापरवाही को राजकुमार की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। इस संबंध में थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
