“छठ पूजा पर अपने गृह राज्यों को लौटने वाले प्रवासी श्रमिकों की सुविधा के लिए एचआरटीसी नालागढ़ डिपो ने इस बार विशेष प्रबंध किए हैं। डिपो प्रशासन ने बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ क्षेत्र से अंबाला रेलवे स्टेशन तक यात्रियों के लिए विशेष बस सेवा शुरू की है”
नालागढ़ 23 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
जिससे बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के लिए जाने वाली ट्रेनों तक पहुंच आसान हो सकेगी। एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के आरएम अखिल अग्निहोत्री ने बताया कि त्योहार के सीजन में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए 10 बसों को हर समय तैयार रखा गया है।
जो बद्दी और नालागढ़ से अंबाला के लिए निरंतर चलेंगी। इसके साथ-साथ नालागढ़ डिपो की 10 अतिरिक्त बसें ऊना बस स्टैंड पर भी तैनात की गई हैं, जो ऊना से रोजाना अंबाला के लिए सेवाएं देंगी।
यात्रा प्रबंधन को सुचारू रखने के लिए ऊना में इंस्पेक्टर फतेह मोहम्मद को समन्वय अधिकारी और बद्दी में इंस्पेक्टर नासिर को संचालन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
आरएम ने बताया कि सभी स्थानों पर बुकिंग स्टाफ की भी तैनाती कर दी गई हैए ताकि टिकटिंग या यात्रा से संबंधित किसी भी समस्या का समाधान तुरंत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि यह बसें न केवल यात्रियों को अंबाला तक पहुंचाने के लिए चलेंगी बल्कि छठ पूजा के बाद वापसी यात्रा के लिए भी निगम की बसें अंबाला रेलवे स्टेशन पर तैनात रहेंगी।
श्रमिकों को घर से लौटते समय दिक्कत का सामना न करना पड़े। यात्रियों की सुविधा के लिए वापसी की तारीखों के अनुसार बसों की शेड्यूलिंग भी पहले से तय कर दी गई है। एचआरटीसी ने यह भी सुनिश्चित किया है कि इस मार्ग पर पंचकूला में ड्रॉपिंग की विशेष व्यवस्था रहेगी।
इसका लाभ चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकडऩे वाले यात्रियों को मिलेगा। पंचकूला में बसों का रुकना उन प्रवासियों के लिए राहत साबित होगा, जिन्हें अब चंडीगढ़ तक अतिरिक्त वाहन तलाशने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
एचआरटीसी नालागढ़ डिपो के आरएम अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि हमारा प्रयास है कि किसी भी यात्री को अपने घर जाने या वापस लौटने में परेशानी न हो। एचआरटीसी यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है।
