“थाना मानपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए औद्योगिक क्षेत्र बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ (बीबीएन) में सक्रिय अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो हिमाचल, पंजाब और हरियाणा में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था”
सोलन 29 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
पुलिस ने 10 लाख मूल्य के चोरीशुदा सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो कुख्यात चोर और एक ज्वैलर शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक विगत तीन अक्तूबर को थाना मानपुरा के अंतर्गत गांव ढेला निवासी कृष्ण कुमार पुत्र मेझ चंद ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि रात्रि के समय अज्ञात चोरों ने उनके घर में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।
चोरी गई संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख आंकी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए।
इसके साथ ही साइबर सेल और सीसीटीवी सेल की सहायता से एक विशेष जांच दल गठित किया गया। जांच दल ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की पहचान की और हिमाचल, पंजाब व हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस की सतर्क निगरानी और ट्रैकिंग के बाद गिरोह के दो मुख्य सदस्यों को पंजाब से गिरफ्तार किया गया जिनमें सुरज (32) पुत्र शाम लाल निवासी गांव सरलोई, डाकघर एवं तहसील अम्ब, जिला ऊना (हिमाचल प्रदेश), विजय कुमार उर्फ जाफी (22) पुत्र शंकर दास, निवासी भरतगढ़, जिला रोपड़ (पंजाब) दोनों को पुलिस चेक पोस्ट घनौली, जिला रूपनगर (पंजाब) के पास झुग्गी-झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया।
दोनों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। जांच में खुलासा हुआ कि चोरीशुदा आभूषण रोपड़ स्थित सुशील ज्वैलर्स में बेचे गए थे।
एएसपी अभिषेक धीमान और थाना प्रभारी विपन ने पुलिस ने जब उक्त दुकान पर दबिश दी, तो लगभग 10 लाख मूल्य के सभी चोरीशुदा सोने-चांदी के आभूषण बरामद कर लिए गए। इस दौरान दुकान मालिक दीपक कुमार पुत्र सुशील कुमारए निवासी गुगा माड़ी मोहल्ला, वार्ड संख्या एक, रूपनगर (पंजाब) को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी बद्दी विनोद कुमार धीमान ने बताया कि मानपुरा पुलिस की यह कार्रवाई बीबीएन क्षेत्र में बढ़ते चोरी के मामलों के खिलाफ एक बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और ठोस साक्ष्यों के आधार पर गिरोह की पहचान कर त्वरित कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बीबीएन क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर स्तर पर सक्रिय है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान सुनिश्चित हो चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मानपुरा थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी कार्रवाई ने क्षेत्र में सक्रिय आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है और बीबीएन क्षेत्र में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में यह एक निर्णायक कदम साबित हुआ है।
