“सेकेंड हुगली ब्रिज पर अब तक का सबसे बड़ा मरम्मत कार्य जारी है। इसका उद्देश्य सेकेंड हुगली की मजबूती में नया जोश भरना है। जैसा कि यह स्टे केबल ब्रिज है इसलिए सबसे ज्यादा स्टे केबल पर ध्यान दिया जा रहा है ताकि नये जोश के साथ सेकेंड हुगली ब्रिज खड़ा रहे”
कोलकाता 31 / 10 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
जारी मरम्मत कार्य के तहत एक बार फिर ब्रिज पर वाहनों के लिए पुलिस से क्लोजर की अनुमति मांगी गयी है। सूत्रों के मुताबिक 2 नवंबर रविवार को अगर क्लोजर की अनुमति मिल जाती है तो रविवार की सुबह छह बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक द्वितीय हुगली सेतु पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी।
कोलकाता पुलिस और हावड़ा कमिश्नरेट पुलिस से एचआरबीसी की तरफ से अनुमति मांगी गयी है। इससे पहले भी सेकेंड हुगली ब्रिज पर क्लोजर करके काम किया गया है।
स्टे केबल्स की संख्या बढ़ी
एचआरबीसी सूत्रों के मुताबिक सेकेंड हुगली ब्रिज के जिन स्टे केबल्स को बदला जायेगा उनकी संख्या में बढ़ोतरी हुई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सेकेंड हुगली में कुल 152 स्टे केबल्स हैं। प्राथमिक स्तर पर यह तय हुआ था कि 14 या 16 केबल्स बदले जायेंगे लेकिन अब इसकी संख्या 19 हो गयी है।
ऐसे में इन सभी को बदलने में समय लग सकता है। एचआरबीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रस्तावित केबल्स बदलने के बाद अगले 40 से 50 सालों तक उक्त केबल्स में भार सम्भालने की क्षमता रहेगी।
सेकेंड हुगली ब्रिज पर जरूरी मरम्मत कार्य
- सेकेंड हुगली ब्रिज निर्माण के बाद से अब तक का सबसे बड़ा मरम्मत कार्य जारी।
- स्टे केबल्स और बियरिंग का काम बेहद अहम है।
- सेकेंड हुगली ब्रिज स्टे केबल ब्रिज है।
- 152 स्टे केबल्स में से 19 को रिप्लेसमेंट किया जायेगा।
- 16 होल्डिंग डाउन केबल बदलने का काम पूरा हो चुका है।
इस कारण हो रहा है मरम्मत कार्य
सेकेंड हुगली ब्रिज कोलकाता और हावड़ा को जोड़ता है। यह ब्रिज रोजाना 1 लाख से अधिक वाहनों का भार उठाता है। समय के साथ भारी ट्रैफिक और मौसम के प्रभाव के कारण ब्रिज की मरम्मत की आवश्यता पड़ी है। एचआरबीसी ने हेल्थ चेकअप कराया है जिसमें केबल्स, बियरिंग और अन्य स्ट्रक्चरल हिस्सों में मरम्मत की आवश्यकता है।
