“शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में शनिवार देर रात एक ट्रैवलर के पलटने से 32 लोग घायल हो गए। इनमें से 17 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है”
शिमला 02 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
नारकंडा के पास शनिवार रात एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गई। ट्रैवलर में 32 लोग सवार थे। हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 17 को आईजीएमसी रेफर कर दिया है। अन्य का उपचार कुमारसैन अस्पताल में चल रहा है। घायलों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।
ट्रैवलर में सवार लोग रिकांगपिओ से नेपाल जा रहे थे। कुमारसैन थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। ट्रैवलर चालक राजकुमार पर मामला दर्ज किया गया। बीएमओ कुमारसेन अंकुश ठाकुर ने बताया कि कुल 32 घायल अस्पताल लाया गया था।
पुलिस ने आरोपी चालक के खून और पेशाब के सैंपल लिए हैं, ताकि पता चल सके कि चालक नशे में तो नहीं था। उधर, डीसी शिमला अनुपम कश्यप ने आईजीएमसी पहुंचकर घायलों का हाल जाना।
पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार चालक राज कुमार वाहन को काफी तेज रफ्तार में चला रहा था। जैसे ही गाड़ी डोगरा मंडी के पास एक तीखे मोड़ पर पहुंची, उसने रफ्तार पर नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सड़क के किनारे पलट गई।
हादसे में ट्रैवलर में सवार अधिकांश लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारसैन ले जाया गया, जहां 29 लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से 16 लोगों को गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया।
उधर, एएसपी शिमला नवदीप सिंह का कहना है कि कुमारसेन पुलिस ने इस मामले में चालक राज कुमार के खिलाफ धारा 281 और 125(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
