पूर्वांचल : आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत, 13 लोग झुलसे

Breaking News
Spread the love

“पूर्वांचल के तीन जिलों में बिजली गिरने से पांच लोगों की जान चली गई। जबकि 13 लोग झुलस गए हैं। मरने वालों में जाैनपुर के तीन, सोनभद्र और मिर्जापुर के एक-एक लोग शामिल हैं”

पूर्वांचल डेस्क 18 / 09 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट 

पूर्वांचल के तीन जिलों में मंगलवार की रात और बुधवार की दोपहर बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई। 13 लोग झुलस गए। जौनपुर में ही दो किशोर समेत तीन लोगों की मौत हुई है। सोनभद्र और मिर्जापुर में एक-एक महिला की मौत की पुष्टि हुई है। 

जाैनपुर जिले के सरायख्वाजा थाने के प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि सुल्तानपुर गौर गांव में बिजली गिरने से बुधवार की दोपहर एक बजे किशन (15), उसके दोस्त अतुल (13) की माैत हो गई। दोनों बारिश से बचने के लिए शीशम के पेड़ के नीचे खड़े थे।

इसी तह खेतासराय के नोनारी भुड़कुड़हा गांव में बुधवार की दोपहर धान के खेत में खाद डालते समय बिजली गिरने से किसान बहादुर गौतम (50) की मौत हो गई। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सोनभद्र में म्योरपुर थाना क्षेत्र के काचन गांव में मंगलवार की रात एक घर पर बिजली गिरने से अंशिका (13) की मौत हो गई। किशोरी के माता-पिता सहित परिवार के सात लोग झुलस गए हैं। 

बभनी क्षेत्र के बैना गांव में बिजली गिरने से वृद्धा झुलस गई। इसी तरह मिर्जापुर में हलिया के सुखरा बांध के पास बुधवार की दोपहर मुरलिया जंगल से लकड़ी लेकर घर आ रही बेलगवा सुखरा गांव निवासी उर्मिला (45) की बिजली गिरने से माैत हो गई। अहुगी कला गांव में बिजली गिरने से पांच लोग झुलस गए।