“आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में शनिवार को बडा हादसा हो गया है। काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में अचानक भगड़द मच गई। इस हादसे में नौ की मौत हो गई है, वहीं कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं”
श्रीकाकुलम 01 / 11 / 2025 संतोष सेठ की रिपोर्ट
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को हुई भगदड़ में नौ श्रद्धालुओं की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। भगदड़ के पीछे की वजह एकादशी के मौके पर हुई भारी भीड़ को बताया जा रहा है।
मिली जानकारी मुताबिक, शनिवार को वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ पहुंची थी। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर के प्रवेश द्वार के पास अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया।
जिससे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। सूत्रों के अनुसार, घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
काशीबुग्गा सब डिवीजन के डीएसपी लक्ष्मण राव ने बताया कि, काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में सुबह करीब 11.30 बजे भगदड़ मच गई और नौ लोगों की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए।
सीएमओ ने जारी किया बयान
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, श्रीकाकुलम जिले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भगदड़ मच गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। यह घटना उस समय हुई जब एकादशी के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ जमा हुई थी।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण भीड़ बढ़ गई, जिससे अचानक भगदड़ मच गई। घायलों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया। पुलिस मौके पर पहुंची।
राज्य के कृषि मंत्री के. अत्चन्नायडू तुरंत दुर्घटनास्थल पर पहुंचे है। उन्होंने घटना की जानकारी जुटाने के लिए मंदिर के अधिकारियों से बात की। मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
